IND vs AUS: रोहित शर्मा ने तोड़े कई बड़े रिकॉर्ड, गिलक्रिस्ट और गांगुली को छोड़ा पीछे, बने नंबर 1 बल्लेबाज

भारत और ऑस्ट्रेलिया आज तीन मैचों की वनडे क्रिकेट सीरीज के दूसरे मैच में आमने-सामने हैं. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी कर रही भारत की शुरुआत खराब रही. सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल 9 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि विराट कोहली फिर शून्य पर आउट हुए. इन दोनों बल्लेबाजों नाकामी के चलते भारत मुश्किल में था और उसने सिर्फ 17 रन पर 2 अहम विकेट गंवा दिए थे.

इसके बाद रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर अपनी पारी को संवारने में कामयाब रहे. पहले मैच में फ्लॉप रहे रोहित ने इस मैच में शानदार पारी खेलकर वापसी की. धीमी शुरुआत करने वाले हिटमैन ने बाद में वापसी की और अपना 59वां वनडे अर्धशतक जड़ा. इसके साथ ही उन्होंने सौरव गांगुली और एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ दिया. रोहित शर्मा ने मैच में 8 रन बनाते ही गांगुली को पीछे छोड़ दिया. शर्मा ने 275 वनडे मैचों में 32 शतकों और 59 अर्धशतकों की मदद से 11,225 रन बना लिए हैं.

सौरव गांगुली ने 308 मैचों में 22 शतकों और 71 अर्धशतकों की मदद से 11,221 रन बनाए हैं. रोहित अब उन्हें पीछे छोड़कर वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. सचिन तेंदुलकर (18,426 रन) इस सूची में शीर्ष पर हैं, जबकि विराट कोहली (14,181 रन) दूसरे स्थान पर हैं. राहुल द्रविड़ (10,768 रन) पांचवें स्थान पर हैं.

आज के मैच में 73 रनों की पारी खेलने वाले रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया. गिलक्रिस्ट ने वनडे क्रिकेट में बतौर ओपनर 9200 रन बनाए थे. अब रोहित के नाम बतौर ओपनर 9219 रन हो गए हैं और वह गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़कर दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं.

रोहित शर्मा ने मिशेल स्टार्क द्वारा फेंके गए तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका लगाते ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में 1000 रन पूरे कर लिए. इसके साथ ही, वह ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 21 मैच खेल चुके रोहित ने 4 शतकों और 3 अर्धशतकों की मदद से 55.77 की औसत से 1047 रन बनाए हैं. विराट कोहली (802 रन) इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं.

इस मैच की बात करें तो भारतीय क्रिकेट टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 264 रन बनाए. अब ऑस्ट्रेलिया रनों का पीछा करते हुे 6 ओवर में 16 रन बिना कोई विकेट खोए बना चुकी है.