ऑल इंडिया फॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट का शुभंकर-लोगो लॉन्च, प्रमुख सचिव समेत ये अफसर दिखाएंगे खेल कौशल

उत्तराखंड में आयोजित होने जा रहे राष्ट्रीय वन खेलकूद प्रतियोगिता के शुभंकर-लोगो की लॉन्चिंग हो गई है. खास बात यह है कि खिलाड़ियों का नेतृत्व करने के लिए खुद प्रमुख सचिव भी मैदान में उतरने जा रहे हैं. उधर देशभर के कई IFS अफसर भी ऑल इंडिया फॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट में खिलाड़ी के रूप में दिखाई देंगे.

उत्तराखंड 28वीं राष्ट्रीय वन खेलकूद प्रतियोगिता की मेजबानी करने को तैयार है. खेलों का आयोजन देहरादून में 12 नवंबर से 16 नवंबर तक किया जाएगा. इससे संबंधित इवेंट का आगाज गुरुवार 16 अक्टूबर से कर दिया गया है. दरअसल राष्ट्रीय वन खेलों के लिए खेल शुभंकर-लोगो की गुरुवार को लॉन्चिंग की गई. इसमें वन मंत्री सुबोध उनियाल और प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु समेत महकमे के तमाम अधिकारी मौजूद रहे.

Forest Sports Meet 2025

उत्तराखंड के अफसरों में अपनी शानदार फिजिक के लिए पहचाने जाने वाले प्रमुख सचिव आर के सुधांशु भी राष्ट्रीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में जौहर दिखाने जा रहे हैं. आरके सुधांशु राष्ट्रीय खेलों में बैडमिंटन प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे. प्रमुख सचिव आरके सुधांशु का ये पसंदीदा खेल है और वह काफी समय तक इस खेल में प्रैक्टिस भी करते रहे हैं. लिहाजा अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए सब की नजरें प्रमुख सचिव पर भी रहेंगी. वैसे आरके सुधांशु की योग आसन की तस्वीर भी पूर्व में काफी वायरल हुई है. इस दौरान प्रमुख सचिव उन मुश्किल आसन क्रियाओं को करते हुए दिखाई दिए हैं, जिसे रेगुलर प्रैक्टिस के बाद करना ही मुमकिन होता है.

वन विभाग के इन राष्ट्रीय खेलों में भारतीय वन सेवा के अधिकारी भी खिलाड़ी के रूप में हिस्सा लेने जा रहे हैं. इसमें वन विभाग के मुखिया प्रमुख वन संरक्षक हॉफ शूटिंग में प्रतिभाग करेंगे. इसी तरह पीसीसीएफ रंजन मिश्रा भी शूटिंग में हाथ आजमाएंगे. इनके अलावा PCCF कपिल लाल लॉन टेनिस, नीना ग्रेवाल बैडमिंटन, APCCF मीनाक्षी जोशी मैराथन में हिस्सा लेंगी.
गढ़वाल चीफ CCF धीरज पाण्डेय साइकिलिंग में हिस्सा लेंगे. CF धर्म सिंह मीणा तीन खेलों में शामिल होंगे जिसमें गोल्फ, क्रिकेट और ब्रिज शामिल हैं. कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक साकेत बडोला टेबल टेनिस और CF आकाश वर्मा ब्रिज में भाग लेने जा रहे हैं. DFO के रूप में काम देख रहे IFS नीरज शर्मा टेबल टेनिस, दिगंथ नायक क्रिकेट, अभिमन्यु हॉकी और रजत सुमन क्रिकेट में बतौर खिलाड़ी भाग ले रहे हैं.
अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में देश भर से 43 दल पहुंचने जा रहे हैं, जिसमें करीब 3,500 प्रतिभागियों के देहरादून पहुंचने की उम्मीद है. इनमें देश भर के कई आईएफएस अधिकारी और वन विभाग से जुड़े अधिकारी कर्मचारी खिलाड़ी के रूप में शामिल हो रहे हैं.
राष्ट्रीय वन खेलकूद प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड की भौगोलिक स्थिति के अनुरूप ही पहाड़ों को इसमें दर्शाया गया है. इसी तरह शुभंकर के रूप में हिम तेंदुए को दर्शाया गया है. वन विभाग ने शुभंकर हेमू यानी हिम तेंदुए को प्रमुखता इसलिए भी दी है क्योंकि उत्तराखंड में उनकी अच्छी खासी संख्या है. राज्य में इस समय हिम तेंदुए की अनुमानित संख्या 124 है. यह देश में हिम तेंदुओं की संख्या वाला दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है.