फिर साथ में काम करेंगे कमल हासन और रजनीकांत, दोनों सुपरस्टार कर रहे अच्छी स्क्रिप्ट का इंतजार

अभिनेता और सांसद कमल हासन ने कहा है कि रजनीकांत और मैंने कई फिल्मों में साथ काम किया है और आगे भी करेंगे. दुबई जाने के लिए चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचे राज्यसभा सांसद और अभिनेता कमल हासन ने वहां मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उनसे तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के उस बयान के बारे में सवाल किया गया जिसमें उन्होंने कहा था कि तमिलनाडु के सरकारी स्कूलों में लागू ‘मीड डे मील योजना’ तेलंगाना में भी लागू होने वाली है.

इस पर उन्होंने कहा, ‘तमिलनाडु उस समय से ही भोजन उपलब्ध कराने के लिए जाना जाता रहा है. मीड डे मील योजना अपने तरीके से शुरू की गई थी. यह योजना अभी नहीं, बल्कि दो साल पहले शुरू की गई थी. कई राजनीतिक नेता अब उस योजना का स्वागत कर रहे हैं’.

एक्टर ने आगे कहा, हमने एक राज्य के मुख्यमंत्री को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि उन्हें हमारे राज्य की परियोजना को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर अपने राज्य में शुरू करना चाहिए. यह गर्व की बात है, यह तमिलनाडु की जीत है.

जब उनसे रजनीकांत के साथ एक नई फिल्म में काम करने की खबर के बारे में पूछा गया तो कमल हासन ने जवाब दिया, “हां, रजनीकांत और मैंने कई फिल्मों में साथ काम किया है। हम एक और फिल्म में काम करेंगे,” और चले गए.

इससे पहले, कुछ दिन पहले चेन्नई हवाई अड्डे पर पत्रकारों से मिले अभिनेता रजनीकांत ने कहा था, “कमल और मैं साथ में एक फिल्म करना चाहते हैं, अगर हमें सही कहानी और किरदार मिला, तो हम साथ में काम करेंगे। लेकिन अभी तक कहानी, किरदार या निर्देशक पर कोई फैसला नहीं हुआ है, अब कमल हासन ने भी इसकी पुष्टि कर दी है.

तमिल फिल्म उद्योग के दो सबसे बड़े सितारों कमल हासन और रजनीकांत ने 80 के दशक में कई फिल्मों में एक साथ अभिनय किया, जिनमें अपूर्वा रागंगल, 16 वायथिनिले, मूरू मुदिचू, टप्पू थलांगल और निथनाथले इनिक्कम शामिल हैं.

दोनों ने साथ में जो फ़िल्में कीं, उन्हें खूब सराहा गया. हालांकि, उन्होंने अलग-अलग रास्ते अपनाए. रजनीकांत एक्शन फ़िल्मों पर और कमल हासन बेहतरीन कहानियों वाली फ़िल्मों पर ध्यान केंद्रित करते हैं, जिससे दोनों ने अपने-अपने प्रशंसक आधार बनाए हैं. ऐसे में रजनीकांत और कमल के प्रशंसकों के बीच कई सालों से यह उम्मीद बनी हुई है कि क्या दोनों फिर से साथ में अभिनय करेंगे.