एशिया कप 2025 की तारीख जैसे जैसे करीब आ रही है वैसे वैसे विपक्षी नेताओं की भारत बनाम पाकिस्तान मैच को लेकर बीसीसीआई और सरकार पर कटाक्ष भी तेज हो गई है. कई राजनेताओं ने देश की संसद में इस मैच के खिलाफ अपनी आवाज उठाई है और पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी तरह का मैच न खेलने का अनुरोध किया है. उन नेताओं ने पीएम मोदी के उस बयान का भी हवाला दिया कि जब पीए ये कहते हैं कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकता तो फिर खेल और खून कैसे एक साथ बह सकता है.
हाल ही शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने 20 अगस्त को केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया को भारत बनाम पाकिस्तान मैच के खिलाफ एक पत्र लिख कर कई सवाल पूछे हैं. जिसको उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर भी शेयर किया है. आज एक बार फिर आदित्य ने उसी पोस्ट को रिट्वीट करके केंद्रीय खेल मंत्री को लिखे पत्र पर प्रकाश डाला और सवाल पूछा कि क्या यह खेल पहलगाम हमले में जान गंवाने वालों से ऊपर है? क्या यह खेल हमारे जवानों के बलिदान से ऊपर है? उन्होंने आगे लिखा जब प्रधानमंत्री कहते हैं कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते, तो बीसीसीआई का राजस्व और भारतीयों का खून एक साथ क्यों बहेगा?
पत्र में आदित्य ठाकरे ने लिखा था कि मानवता की भलाई के लिए कई देशों को खेलों में अलग-थलग कर दिया गया है. आतंकवाद भी एक ऐसा ही मुद्दा है जो हमारे देश को शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ने से रोकता है. पिछले एक दशक में, देश और उसके नागरिकों को बार-बार पाकिस्तान से आतंकवादी हमलों का सामना करना पड़ा है, और केंद्र सरकार ने इसे लगातार दोहराया है. हाल ही में, प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से भी कहा था कि पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते. फिर भी, शायद बीसीसीआई की जिद और पैसे व विज्ञापन राजस्व की चाहत के कारण ही, वह हमारे जवानों के सिंदूर और उनके जीवन को शून्य समझता है.
उन्होंने कहा, ‘फिर भी, दुख की बात है कि बीसीसीआई बेशर्मी से एशिया कप में पाकिस्तान के साथ खेलने के लिए एक टीम भेज रहा है. क्या बीसीसीआई राष्ट्रीय हित से ऊपर है? क्या यह हमारे जवानों के बलिदान से ऊपर है? क्या यह पहलगाम में हमले का सामना करने वालों के सिंदूर से ऊपर है?”
आदित्य ठाकरे ने अपने पत्र में ये भी सवाल पूछा, ‘हमने दुनिया भर में प्रतिनिधिमंडल भेजे और कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ है. अब, क्या हम दुनिया भर में प्रतिनिधिमंडल भेजकर यह साबित करेंगे कि हम उनके साथ क्रिकेट क्यों खेल रहे हैं?’
बता दें कि एशिया कप 2025 अगले महीने 9 सितंबर से यूएई में शुरू होने वाला है. जिसमें भारत अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ करेगा. उसके बाद भारत का दूसरा मैच पाकिस्तान के खिलाफ 14 सितंबर को दुबई में होगा और फिर भारत अपना आखिरी ग्रुप मैच 19 सितंबर को ओमान से खेलेगा. टूर्नामेंट का फाइनल मैच 28 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा.
