नीरज चोपड़ा का जलवा, बिना खेले डायमंड लीग फाइनल के लिए किया क्वालीफाई

भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने कमाल कर दिया है. पोलैंड डायमंड लीग से पीछे हटने के बावजूद उन्होंने डायमंड लीग के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है. उन के साथ त्रिनिदाद टोबैगो के केशोर्न वाल्कोट और जर्मनी के जूलियन वेबर ने भी फाइनल मुकाबले के लिए क्वालीफाई किया है.

डायमंड लीग 2025 का फाइनल मुकाबला 27 और 28 अगस्त को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में खेला जाएगा. पिछले साल डायमंड लीग के फाइनल में नीरज चोपड़ा को एंडरसन पीटर्स से 0.01 मीटर के मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा था. जिसकी वजह से वो दूसरे स्थान पर रहे. नीरज ने 2022 में डायमंड लीग का खिताब था.

बता दें कि फाइनल मुकाबले से पहले नीरज को 16 अगस्त को पोलैंड के सिलेसिया में डायमंड लीग प्रतियोगिता में भाग लेना था जहां उनका मुकाबला पाकिस्तान के अरशद नदीम से होने की उम्मीद थी. लेकिन दोनों खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता से अपना नाम वापस ले लिया था.

सिलेसिया डायमंड लीग के बाद जारी की गई जवेलिन थ्रो की नई रैंकिंग के अनुसार, नीरज के दो डायमंड लीग मुकाबलों में 15 अंक हैं, जिसकी वजह से वो तीसरे स्थान पर हैं. दो में से एक में नीरज ने खिताब जीता था और दूसरे में वे दूसरे स्थान पर रहे थे. इसके अलावा केशोर्न वाल्कोट 17 अंकों के साथ पहले और जूलियन वेबर 15 अंको के साथ दूसरे स्थान पर हैं.

नीरज चोपड़ा ने आखिरी बार बेंगलुरु में आयोजित एक नीरज चोपड़ा क्लासिक में भाग लिया था. जिसमें उन्होंने गोल्ड मेडल हासिल किया था. नीरज ने दोहा डायमंड लीग में इस सीजन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके 90 मीटर का आंकड़ा पार किया था. उन्होंने लीग में 90.23 मीटर की थ्रो की थी, लेकिन जुलियन वेबर के बाद दूसरे स्थान पर रहे. इसके बाद नीरज ने पेरिस डायमंड लीग में में 88.16 मीटर के थ्रो के साथ लीग जीता था.

डायमंड लीग फाइनल के बाद नीरज चोपड़ा का अगला लक्ष्य विश्व चैंपियनशिप के खिताब को डिफेंड करना होगा. जो कि 13-21 सितंबर तक टोक्यो में खेला जाएगा.