उत्तराखंड में बादल फटने से मचा हाहाकार, भारी तबाही पर उर्वशी रौतेला, राघव जुयाल का आया ये रिएक्शन

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले और सुखी टॉप क्षेत्र में मंगलवार (5 अगस्त, 2025) को बादल फटने से भारी संख्या में नुकसान हुआ है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य के लापता होने की आशंका है. सोशल मीडिया पर इस तबाही का वीडियो वायरल हो रहा है. उत्तराखंड में हुई इस प्राकृतिक आपदा पर बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला और कोरियोग्राफर-एक्टर राघव जुयाल की प्रतिक्रिया आई है.

बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला उत्तराखंड के कोटद्वार की रहने वाली हैं. मंगलवार, को उत्तराखंड के उत्तरकाशी और सुखी में बादल फटने की घटना पर उर्वशी रौतेला ने दुख और चिंता व्यक्त की है. इस घटना के बाद एक मीडिया को दिए गए बयान में उर्शवी ने ‘हरिद्वार की एक बेटी होने के नाते, उत्तराखंड का हर पत्थर, हर नदी, हर सांस मेरी आत्मा का हिस्सा है. आज, उत्तरकाशी में खीर गंगा नदी में आई विनाशकारी बाढ़ को देखकर मुझे ऐसा दर्द हो रहा है जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है. ये मेरी धरती, मेरे लोग, मेरे परिवार है.’

उन्होंने आगे कहा, ‘इस हादसे में कई घर बह गए हैं. सड़कें, दुकानें, यादें और सपने, सब कुछ पलों में बह गए. परिवार अपनों को ढूंढ रहे हैं, बच्चे माता-पिता के लिए रो रहे हैं, और माता-पिता अपने लापता बच्चों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. यह मेरे लिए सिर्फ एक खबर नहीं है, यह मेरा घर है. ये मेरे लोग हैं.’

उन्होंने अपने फैंस और सभी शुभचिंतकों से एकजुट होने की अपील की है उन्होंने कहा, ‘मैं व्यक्तिगत रूप से स्थानीय संगठनों और अधिकारियों के साथ मिलकर काम करूंगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि मदद उन लोगों तक पहुंचे जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है.’

उधर राघव जुयाल ने भी इस घटना पर चिंता जताई है. राघव जुयाल उत्तराखंड के देहरादून के रहने वाले हैं. राघव ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम स्टोरी पर उत्तरकाशी में बादल फटने का वीडियो साझा किया है और कैप्शन में हाथ जोड़ने वाले इमोजी के साथ ‘प्रार्थनाएं’ लिखा है.