टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली मैदान पर पूरी तरह से आक्रामक नजर आते हैं. अगर उनके विरोधी स्लेजिंग करते हैं, तो वह उन्हें अपने बल्ले के साथ-साथ अपने मुंह से भी जवाब देते हैं. इतने आक्रामक होने के बावजूद विराट के अंदर भी एक मासूम दिल है, ये लोगों को उस समय दिखा जब वो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के आईपीएल खिताब जीतने पर थोड़े भावुक हो गए थे. हमेशा आक्रामक रहने वाले विराट को भावुक होते देख हर कोई उस समय हैरान रह गए.
हालांकि, इससे पहले विराट कोहली एक मैच हारने के बाद खूब रोए थे. लोगों की नजरों से बचकर वो बाथरूम में चले गए जहां वो मनभर रोए. एसा सिर्फ़ विराट ही नहीं, बल्कि टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी भी रोए थे. इसका खुलासा भारतीय टीम के स्पिनर युजवेंद्र चहल ने किया है, जो उन्होंने यह सब अपनी आंखों से देखा है.
हाल ही में युजवेंद्र चहल ने एक पॉडकास्ट में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के दिल दहला देने वाले पल के बारे में बात की. उन्होंने बताया कि 2019 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में टीम इंडिया की हार के बाद ऐसा हुआ था. जब होस्ट ने चहल से पूछा कि क्या आप ने कभी विराट को रोते हुए देखा है.
जिसपर चहल ने कहा,’2019 विश्व कप सेमीफाइनल में हार के बाद मैंने विराट को बाथरूम में रोते देखा था. फिर, जब मैं हाथ मिलाने के दौरान विराट के पास से जा रहा था, तो उनकी आंखों में आंसू थे. विराट अकेले नहीं थे. मैंने टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों को बाथरूम में रोते देखा. वह धोनी का आखिरी मैच था. हमें 15 रन कम देने चाहिए थे. मुझे भी बेहतर गेंदबाजी करनी चाहिए थी.’
बता दें कि चहल उस विश्व कप टूर्नामेंट में टीम इंडिया के सदस्य थे. हालांकि, टूर्नामेंट में चहल ने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन सेमीफाइनल मैच में उन्हें निराशा हाथ लगी. उन्होंने 10 ओवर में 1 विकेट लिया और 63 रन दिए. चहल ने कहा कि उस मैच में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं था और उन्हें आज भी इसका मलाल है.
टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ उस मैच को 18 रनों से हार गई थी. पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 240 रन बनाए और लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत 49.3 ओवर में 221 रनों पर ऑलआउट हो गया. शीर्ष क्रम केएल राहुल (1), रोहित शर्मा (1) और विराट कोहली (1) बुरी तरह विफल रहे. धोनी (50) और रवींद्र जडेजा (77) ने अर्धशतक जड़े, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. इस हार के बाद स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा की आंख से आंसू छलक पड़े थे, जिससे प्रशंसक भी आहत हुए.
उसी पॉडकास्ट में चहल ने कप्तानी में रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच का अंतर भी बताया. चहल ने कहा, ‘मुझे रोहित भैया का मैदान पर व्यवहार बहुत पसंद है. वह बहुत अच्छे कप्तान हैं. विराट भैया के साथ, वह जो ऊर्जा लेकर आते हैं, वह हर दिन एक जैसी होती है. यह हमेशा बढ़ती ही रहती है, कभी कम नहीं होती.’
