महिला चेस वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतने के बाद दिव्या देशमुख को प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

भारत की 19 वर्षीय महिला शतरंज प्लेयर दिव्या देशमुख ने अपने नाम का परचम चारों ओर लहरा दिया है. उन्होंने सोमवार यानी 28 जुलाई को फिडे महिला विश्व कप 2025 जीतकर इतिहास रच दिया है. वो फिडे महिला चेस वर्ल्ड कप जीतने वाली भारत की पहली महिला प्लेयर बन गई हैं.

दिव्या देशमुख ने सोमवार को रैपिड टाई-ब्रेक में दिग्गज हमवतन कोनेरू हम्पी को 1.5-0.5 से हराकर एक शानदार जीत दर्ज की. इस जीत के बाद उन्हें चारों-ओर से बधाई संदेश मिलने लगे. जॉर्जिया के बटुमी में भारत का तिरंगा फहराने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य बड़ी हस्तियों ने दिव्या को बधाई दी है.

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘दो उत्कृष्ट भारतीय शतरंज खिलाड़ियों का ऐतिहासिक फाइनल. युवा दिव्या देशमुख के 2025 में FIDE महिला विश्व शतरंज चैंपियन बनने पर गर्व है. इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई, जो कई युवाओं को प्रेरित करेगी. कोनेरू हम्पी ने भी चैंपियनशिप के दौरान अपार प्रतिभा का प्रदर्शन किया है. दोनों खिलाड़ियों को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं’.