पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और निर्माता-निर्देशक एकता कपूर अपने अपकमिंग टीवी शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहु थी 2’ के ऑन एयर होने से पहले रविवार को श्रीनाथजी के दर पर आशीर्वाद लेने पहुंची. इस शो का प्रसारण 29 जुलाई से शुरू होगा. इस शो में एक बार फिर स्मृति ईरानी की एंट्री से फैंस काफी उत्साहित हैं.
रविवार शाम को एकता कपूर और स्मृति ईरानी ने नाथद्वारा पहुंच कर प्रभु श्रीनाथजी की उत्थापन की झांकी के दर्शन किए. इसके बाद तिकायत पुत्र युवराज विशाल बावा से आशीर्वाद लिया. विशाल बावा ने स्मृति ईरानी और एकता कपूर का मंदिर परंपरा अनुसार रजाई, ऊपरना ओढ़ाकर व प्रसाद प्रदान कर स्वागत-सम्मान किया.
इस दौरान एकता कपूर ने विशाल बावा से प्रभु श्रीनाथजी की राग, भोग व श्रृंगार की सेवा प्रणाली को समझा व इससे अभिभूत होकर खुद भी प्रभु की कुछ सेवा करने की इच्छा जाहिर की. वहीं स्मृति ईरानी ने भी विशाल बावा से नई व्यवस्थाओं व टेम्पल बोर्ड विजन 2030 को लेकर चर्चा की. बता दें कि स्मृति ईरानी की प्रभु श्रीनाथजी में गहरी आस्था है. वे लंबे समय से नाथद्वारा प्रभु के दर्शन करने आती रही हैं. वहीं अपने फेमस शो के नए सीजन की वापसी पर आज उन्होंने श्रीनाथजी का आशीर्वाद लिया.
गौरतलब है कि फेमस टीवी शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहु थी’ साल 2000 में शुरू हुआ था. इसकी कहानी और किरदारों ने हर घर में अपनी जगह बना ली थी. अब जब यह शो वापसी कर रहा है, तो लोग न सिर्फ इसकी कहानी जानने को बेताब हैं, बल्कि इसकी प्रमुख किरदार रही स्मृति ईरानी को भी एक बार फिर देखने के लिए उत्साहित हैं. 29 जुलाई को शो के नया संस्करण ऑन एयर होने जा रहा है.
