दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर सड़क हादसा, कांवड़िए की मौत, कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार जिले के रुड़की में कांवडिए की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. हादसा दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर नगला इमरती बाईपास के पास हुआ. बताया जा रहा है कि बुजुर्ग कांवड़िया सड़क पार कर रहा था, तभी वो तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गया. इस हादसे में कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके पुलिस तत्काल हॉस्पिटल लेकर गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के मुताबिक (66 वर्षीय) पुरुषोत्तम शर्मा डुंडाहेडा थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक जिला गाजियाबाद उत्तर प्रदेश निवासी अपने साथियों के साथ जल लेने के लिए हरिद्वार आये थे. पुरुषोत्तम शर्मा हरिद्वार से जल उठाकर वापस जा रहे थे. इसी दौरान वह अपने साथियों से अलग हो गए.

बताया जा रहा है कि रूड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के नगला इमरती बाईपास के पास कुछ सामान लेने के लिए पुरुषोत्तम शर्मा सड़क पार करने लगे, तभी हरियाण नंबर की एक कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में पुरुषोत्तम शर्मा गंभीर रुप से घायल हो गए थे, जिन्हें पुलिस हॉस्पिटल भी लेकर गई, लेकिन वो बच नहीं पाए.

इस घटना के बाद कार ड्राइवर वाहन के साथ मौके से फरार हो गया था. हादसे के समय घटना स्थल पर ज्यादा कांवड़िए मौजूद नहीं थे. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया. सिविल लाइन कोतवालों प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक के परिजनों घटना की सूचना दे गई है. कार चालक की तलाश की जा रही है.