दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को रोजगार मेले के 16वें संस्करण में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त 51000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया.
रोजगार मेला, रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है. यह युवाओं को सशक्त बनाने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. अब तक देश भर में रोजगार मेला पहल के तहत 10 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं.
रोजगार अभियान का 16वां संस्करण पूरे भारत में 47 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा. ये भर्तियाँ केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों में हो रही हैं. देश भर से चयनित ये नए कर्मचारी रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय तथा अन्य विभागों और मंत्रालयों में शामिल होंगे. इस घटनाक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर जोर दिया कि सरकार ‘विकसित और आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए दृढ़ है.
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘हम एक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवा साथियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. इसी कड़ी में 12 जुलाई को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक और रोजगार मेले में हिस्सा लूंगा, जहां हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे.
अप्रैल में आयोजित पिछले संस्करण में केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड ने 15वें रोजगार मेले के दौरान 6,677 नियुक्ति पत्र जारी किए थे, जिससे सरकारी कार्यबल को मजबूत करने और विकसित भारत के दृष्टिकोण का समर्थन करने की अपनी प्रतिबद्धता को बल मिला था. वितरित किए गए कुल नियुक्ति पत्रों में से 1,805 विभिन्न निर्धारित स्थानों पर भौतिक रूप से सौंपे गए जबकि 4,872 वर्चुअल रूप से जारी किए गए.
देश भर में 47 स्थानों पर एक साथ आयोजित इस रोजगार मेले में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में बड़े पैमाने पर भर्तियाँ आयोजित की गईं. प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान देश भर के ये सभी 47 स्थान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेले से जुड़े रहे.
