20वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग चैंपियनशिप 2025 का आज समापन हो गया है. इस चैंपियनशिप में करीब 19 राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. खास बात ये रही कि इस दौरान मेडल पाने वालों में 3 भाई-बहन भी शामिल रहे. जो अब तक दूसरी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी कई मेडल जीत चुके हैं.
दरअसल, देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम के हिमाद्री आइस रिंक में 20वीं नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप 2025 का आयोजन हुआ. इस चैंपियनशिप में 19 राज्यों के करीब 700 खिलाड़ी शामिल हुए. इसमें आइस फिगर स्केटिंग के लिए भी देशभर के कई राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया.
उत्तराखंड के लिए बड़ी बात ये है कि राज्य को पहली बार इस चैंपियनशिप की मेजबानी करने का मौका मिला. उधर, उत्तराखंड के युवाओं ने भी इस मौके को भुनाते हुए पदक हासिल किए, लेकिन बात ऐसे परिवार की है, जहां तीन-भाई बहनों ने पदक हासिल किए हैं.
देहरादून के रहने वाले अमिताभ सिंह ने स्टारलेट ब्वॉयज में गोल्ड मेडल हासिल किया. अमिताभ सिंह राज्य के सबसे युवा स्केटर हैं. जिन्होंने पहले भी पदक हासिल किए हैं. इसी तरह उनके बड़े भाई यशस्वी सिंह ने जूनियर मैन में सिल्वर मेडल हासिल किया है.
उत्तराखंड में आइस स्केटिंग के लिए अवस्थापना सुविधा का विकास किया गया है, जिससे अब उत्तराखंड के युवा भी प्रदेश में ही इस खेल के लिए प्रशिक्षण कर पा रहे हैं. शायद यही कारण है कि प्रदेश के युवा भी इस खेल के प्रति आकर्षित हो रहे हैं. वहीं, अब इन राष्ट्रीय खेलो में पदक जीतने वाले युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सेदारी कर सकेंगे.
