15 जून को नीम करोली बाबा के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं. ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर प्रसाद वितरण तक के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं. आयोजकों को उम्मीद है कि कैंची धाम स्थापना दिवस के मौके पर 15 जून को 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा नीम करोली के दर्शन करने आ सकते हैं.
इतनी बड़ी संख्या में नीम करोली बाबा के भक्तों के आने के कारण व्यवस्था बनाने के लिए काफी मशक्कत की जा रही है. नीम करोली बाबा मंदिर का मालपुए का प्रसाद भक्तों में विशेष लोकप्रिय है. इस बार प्रसाद के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है. पिछले सालों में नीम करोली बाबा के कैंची धाम स्थापना दिवस पर 15 जून को ही मालपुए का प्रसाद मिलता था. ऐसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिना मालपुए का प्रसाद पाए ही लौटने को मजबूर होते थे.
इस बार कैंची धाम मंदिर प्रशासन ने ऐसी स्थिति न पैदा हो और नीम करोली बाबा के हर भक्त को मालपुए का प्रसाद मिले, ऐसी व्यवस्था की है. इस बार 15 जून को कैंची धाम मंदिर का मालपुए का प्रसाद तो मिलेगा ही, इसके साथ ही अगले दो दिन यानी 16 और 17 जून को भी भक्तों को मालपुए का प्रसाद मिलेगा. ऐसे में कैंची धाम आने वाला हर भक्त मालपुए का प्रसाद लेकर खुशी-खुशी नीम करोली बाबा के दर्शन करके अपने घर लौटेगा.
बाबा नीम करोली महाराज का विशेष प्रसाद मालपुआ कैंची धाम के साथ-साथ भूमियाधार, हनुमानगढ़ी मंदिर और सुयालबाड़ी मंदिर में भी जाता है. यहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को प्रसाद दिया जाएगा. इसके अलावा मंदिर कमेटी से जुड़े लोग, सेवादार और पुजारी भी प्रसाद अन्य भक्तों तक पहुंचाएंगे. विदेश से आने वाले बाबा के सेवादार भी प्रसाद ले जाएंगे. समिति के लोगों ने बताया कि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक प्रसाद पहुंचाने के प्रयास किया जा रहे हैं.
कैंची धाम के लिए परिवहन विभाग ने निर्धारित किराया तय किया है. हल्द्वानी से कैंची धाम तक बस में 150, मैक्स में 200, भीमताल से 100 रुपये और भवाली से 50 रुपये निर्धारित किया गया है. छोटे-बड़े वाहनों से भीमताल विकास भवन से कैंची धाम तक आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 40 बस, 50 मैक्स, हल्द्वानी-काठगोदाम से 100 बस, 25 मैक्स, भवाली से कैंची धाम तक 20 बस, 40 मैक्स और नैनीताल से कैंची धाम तक 10 बस, 20 मैक्स की व्यवस्था की गई है.
