अजय देवगन स्टारर फिल्म ‘दृश्यम 3’ पर बड़ा अपडेट सामने आया है. ‘दृश्यम 3’ आधिकारिक पुष्टि हो गई है. पैनोरमा स्टूडियो का एक लेटर सामने आया है, जिसमें स्टूडियो ने अजय देवगन अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म के निर्माण की आधिकारिक पुष्टि की है. 29 मई को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को संबोधित करते हुए एक औपचारिक लेटर के माध्यम से यह घोषणा की गई है.
29 मई को पैनोरमा स्टूडियोज ने औपचारिक पत्र के माध्यम से पुष्टि की कि अजय देवगन फ्रेंचाइजी के लिए निर्देशक अभिषेक पाठक के साथ फिर से जुड़ेंगे. लेटर के मुताबिक, पैनोरमा स्टूडियोज ने ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइज की तीसरी किस्त के लिए डिजिटल 18 मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक प्रोडक्शन एग्रीमेंट किया है.
आगामी हिंदी फीचर फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन मुख्य भूमिका में होंगे और इसका निर्देशन अभिषेक पाठक करेंगे. बता दें, अभिषेक पाठक ने पहले ‘दृश्यम 2’ का निर्देशन किया था. ‘दृश्यम 3’ के लिए दोनों एक बार फिर साथ आ रहे हैं.
हालांकि, फिल्म की कहानी, शूटिंग शेड्यूल और रिलीज की तारीख के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन इस एलान ने फैंस के बीच ही काफी उत्साह पैदा कर दिया है. पहली दो फिल्मों की सफलता के बाद ‘दृश्यम 3’ से भी काफी उम्मीदें हैं.अकटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या इस बार ‘विजय सलगांवकर’ (अजय देवगन) का राज खुल जाएगा ?
‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ दोनों में अजय देवगन के साथ तब्बू नजर आई थीं. दोनों फिल्में मुख्य रूप से विजय सलगांवकर बनाम मीरा देशमुख के इर्द-गिर्द थीं, इसलिए हो सकता है कि तब्बू तीसरी किस्त का हिस्सा हों, लेकिन अभी तक इस बात की कोई पुष्टि नहीं हुई है.
