नैनीताल के रामनगर में कब्रिस्तान को लेकर विवाद, शव दफनाने से पहले हंगामा, पुलिस-SSB तैनात

नैनीताल जिले में रामनगर के गौजानी इलाके में उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब एक विशेष समुदाय द्वारा शव को दफनाने के लिए जमीन की खुदाई की गई. मामला देखते ही देखते विवाद का रूप ले गया. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई कि यह स्थान कब्रिस्तान की अधिकृत सीमा में नहीं आता है. वहीं, प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की.

मामला गुरुवार सुबह से गरमाया है. रामनगर के गौजानी में एक विशेष समुदाय के परिवार द्वारा अपने मृत परिजन को दफनाने की तैयारी की जा रही थी. जैसे ही कब्र के लिए खुदाई शुरू हुई, भाजपा कार्यकर्ता वहां पहुंच गए. उन्होंने दावा किया कि यह स्थान कब्रिस्तान नहीं है, बल्कि उससे करीब 200 मीटर दूर असल कब्रिस्तान की जमीन है. भाजपा नेताओं ने प्रशासन से इस मुद्दे पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की.

बीजेपी नेता मदन जोशी ने आगे कहा कि हमने मौके पर जाकर विरोध दर्ज कराया है, ताकि विवाद और न बढ़े. अगर शव यहां दफन हो जाता, तो माहौल और खराब हो सकता था. यह मामला फिलहाल प्रशासन और शासन के संज्ञान में है. हमने मुख्यमंत्री को जमीन की स्थिति की जांच के लिए पत्र भेजा है. अभी तक इस जमीन का सीमांकन नहीं हुआ है. जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक हम यहां कब्रिस्तान नहीं बनने देंगे.

फिलहाल, प्रशासन पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रहा है. हालांकि स्थानीय लोगों में तनाव की स्थिति साफ महसूस की जा सकती है. मौके पर पुलिस बल तैनात है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क है. माहौल न बिगड़े इसके लिए एसएसबी को भी तैनात किया गया है.